गौ सेवा से सशक्त होगी संस्कृति और समाज की एकता-डॉ. अरविंद शर्मा
चंडीगढ़, 01 मार्च- हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण की सुदृढ़ आधारशिला है। गौ माता की सेवा अपने सगे माता-पिता की सेवा के समान है और इससे प्राप्त आशीर्वाद समाज व राष्ट्र दोनों को समृद्ध और समर्थ बनाता है। सनातन संस्कृति में गौ माता को 33 करोड़ देवी-देवताओं का स्थान प्राप्त है, इसलिए गौ सेवा से बढक़र कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता।
वे भटगांव स्थित गौशाला के 126वें वार्षिकोत्सव समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने गौशाला के विकास और व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु 11 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। डॉ. शर्मा ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि वर्ष 1995-96 ...








