मुख्यमंत्री ने एक ही दिन में 18 जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को जारी की 1,431 करोड़ रुपये की राशि
चंडीगढ़, 10 फरवरी- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को एक ही दिन में 18 विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत करीब 1,431 करोड़ रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में जारी की। इस पहल से प्रदेश के लगभग 56 लाख 34 हजार लाभार्थियों को सीधा आर्थिक लाभ मिला है।
मंगलवार को चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जारी की गई राशि में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की चौथी किस्त, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं, हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत गैस सिलेंडर सब्सिडी और दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहन शामिल है।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी मौजूद थे।
मुख्यमंत्...








