Friday, November 14Malwa News
Shadow

मुख्यमंत्री ने कुशाल सिंह दहिया के 350वें बलिदान दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में की शिरकत, की अनेक विकास परियोजनाओं की घोषणा

चंडीगढ़, 14 नवम्बर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज अमर बलिदानी दादा कुशाल सिंह दहिया के 350वें बलिदान दिवस पर सोनीपत जिले के राई में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे दादा कुशाल सिंह दहिया जैसे वीरों के आदर्शों से प्रेरणा लें और भारत को विश्वगुरु बनाने के संकल्प के साथ अपने धर्म, संस्कृति एवं देश की गरिमा की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अनेक घोषणाएं करते हुए कहा  कि जीटी रोड से बड़खालसा जाने वाली रोड, जो नग्गल कलां से मनौली गांव तक जाती है, का नाम दादा कुशाल सिंह दहिया मार्ग किया जाएगा। बढ़खालसा सामुदायिक केंद्र का नाम अमर शहीद दादा कुशाल सिंह दहिया किया जाएगा।  गांव बड़खालसा में दादा कुशाल सिंह दहिया के शहीदी स्मारक का जीर्णोद्वार किया जाएगा।  गांव दीपालपुर में ग्राम पंचायत द्वारा उपलब्ध कराई गई भूमि पर एक करोड़ रुपए की राशि से महिलाओं एवं युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट पार्क बनाया जाएगा। साथ ही, गांव दीपालपुर में कम्युनिटी सेंटर का निर्माण करवाने की भी घोषणा की जिसके ऊपर लगभग 65 लख रुपए की राशि खर्च होगी। मुख्यमंत्री ने बढ़खालसा स्मारक को भी 31 लाख रुपए देने की घोषणा की। 

मुख्यमंत्री के कहा कि राई विधानसभा क्षेत्र में 25 किलोमीटर के रास्तों को खेत-खलिहान योजना के तहत पक्का करवाया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने मलिकपुर से ताजपुर के बीच रास्ते को ऊंचा उठाने, बीस्वा मिल से लेकर बरोट चौकी तक रोड को ठेकेदार के माध्यम से ठीक करवाने, मलिकपुर से ताजपुर के बीच रास्ते पर लगते हुए तालाब का सौंदर्यीकरण करवाने, हल्के के गांवों में विभिन्न तालाबों का पोंड डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा निरीक्षण करवा कर आवश्यकता अनुसार इसका विस्तारिकरण एवं सौंदर्यीकरण करवाने, भूमि की उपलब्धता के आधार पर कुंडली में अर्बन स्वास्थ्य केंद्र के भवन का निर्माण करवाने की भी घोषणा की। 

उन्होंने कहा की बहालगढ़ वासियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था गांव जाजल के रेनीवेल से जोड़कर करवाई जाएगी। साथ ही, बहालगढ़ के लिए सीवेरज सिस्टम हेतु गांव खेवड़ा में एसटीपी के लिए उपलब्ध जमीन पर एसटीपी का निर्माण करवाया जाएगा। 

*दादा कुशाल सिंह दहिया का बलिदान स्वाभिमान, साहस और वीरता की अद्वितीय मिसाल*

मुख्यमंत्री ने कहा कि दादा कुशाल सिंह दहिया ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के पवित्र शीश को आनंदपुर साहिब तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए अपना स्वयं का शीश समर्पित कर दिया था। उनका यह बलिदान स्वाभिमान, साहस और वीरता की अद्वितीय मिसाल है, जो इतिहास के पृष्ठों में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है।  मुख्यमंत्री ने कहा कि इस राज्य स्तरीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य दादा कुशाल सिंह दहिया के त्याग और बलिदान की गाथा को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि युवा पीढ़ी उनसे प्रेरणा लेकर धर्म, समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव विकसित कर सके। उन्होंने कहा कि बढ़खालसा स्मारक परिसर, राई को एक राष्ट्रीय स्तर के प्रेरणा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है ताकि आने वाली पीढ़ियां इस महान बलिदान से निरंतर प्रेरणा प्राप्त करती रहें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की धरती सदैव शौर्य की जननी रही है। कुरुक्षेत्र की पावन भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का दिव्य उपदेश दिया था। उन्होंने कहा कि दादा कुशाल सिंह दहिया के बलिदान के मूल में श्री गुरु तेग बहादुर जी की प्रेरणा निहित थी, जिन्होंने धर्म की रक्षा हेतु अपने प्राण न्योछावर किए और ‘हिंद की चादर’ के रूप में विख्यात हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के पावन चरण हरियाणा की भूमि पर अनेक बार पड़े। अपने विभिन्न प्रवासों के दौरान उन्होंने यहां की संगत को आध्यात्मिक ज्ञान दिया और धर्म की रक्षा के लिए प्रेरित किया।

*प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार भारत की आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत*

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार भारत की आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पिछले 11 वर्षों में सिख विरासत, महापुरुषों, गुरु-गद्दियों और ऐतिहासिक स्थलों को जो सम्मान और महत्व मिला है, वह हमारी राष्ट्रीय नीति का अभिन्न हिस्सा है। श्री गुरु नानक देव जी की 550वीं जयंती से लेकर अब श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान वर्ष तक भारत आध्यात्मिक उन्नति की दिशा में तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है।