
चंडीगढ़, 24 सितंबर: हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने सेवा पखवाड़ा के तहत यमुनानगर के रपोली, ऊँचा चांदना, गढी सिकंदरा, सिकंदरा, टोपरा कलां, जगूड़ी, कुंजल, बापौली, सढुरा, बापा, पूर्णगढ़ और अलीपुरा गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में पहुंचकर लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह सेवा पखवाड़ा हमें समाज सेवा के लिए नि:स्वार्थ भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है। इसे देश के प्रधानमंत्री और महापुरुषों के जन्मदिवसों के अवसर पर मनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस सेवा पखवाड़े में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत, पेंटिंग प्रतियोगिता, प्रबुद्ध सम्मेलन, हेल्थ चेकअप, मैराथन इत्यादि कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से हम सेवा भाव और राष्ट्र के प्रति समर्पण की ओर प्रेरित होते हैं।
कृषि मंत्री ने स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार कर देशवासियों को स्वदेशी अपनाने की प्रेरणा दी थी। सेवा पखवाड़े के अंतर्गत 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती पर हमें स्वदेशी वस्तुएं अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। इससे न केवल देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि राष्ट्रभक्ति की भावना भी प्रबल होगी।
उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय का भी उल्लेख करते हुए कहा कि वे एक ब्राह्मण परिवार से संबंध रखते थे और प्रशासनिक सेवा छोड़कर देश सेवा में समर्पित हुए। उनका उद्देश्य हमेशा गरीब व्यक्ति के उत्थान का रहा। उनकी योजना ‘अंत्योदय’ समाज के प्रत्येक गरीब व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए थी। इस अवसर पर 25 सितंबर को रादौर अनाज मंडी में उनकी जयंती और सुबह की सैर आयोजित की जाएगी, जिसमें आम लोग और उनके परिवार आमंत्रित हैं।
मंत्री ने कहा कि वे जन सेवा को सर्वोपरि मानते हैं और लोगों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए हमेशा प्रयासरत रहते हैं। सेवा पखवाड़ा के दौरान विभिन्न गांवों के सरपंचों एवं ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन्हें मंत्री ने गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए।
इस मौके पर विभिन्न गांवों के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।