Friday, November 7Malwa News
Shadow

पर्यावरण, वन प्राणी मंत्री राव नरबीर सिंह ने सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत हिसार में किया पौधारोपण

चण्डीगढ़, 19 सितंबर — हरियाणा के पर्यावरण, वन मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कागजी निमंत्रण पत्रों की जगह डिजिटल कार्ड के जरिए निमंत्रण भेजना चाहिए। ऐसा करके हम सभी हर वर्ष बड़ी संख्या में पेड़ों को कटने से बचा कर आने वाली पीढिय़ों को स्वस्थ जीवन की सौगात दे सकते हैं।

राव नरबीर सिंह आज हिसार स्थित बीड़ में सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इसी कड़ी में यहां 1500 पौधे रोपित किए गए तथा प्रचार वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन जीने के लिए मानव को खाना-पानी तथा हवा की सबसे अधिक आवश्यकता होती है लेकिन यह तीनों चीजों ही लगातार प्रदूषित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रम शुरू किए हैं।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान शुरू किया है। हर व्यक्ति को इस अभियान के तहत अपनी मां के नाम एक पौधा न केवल रोपित करना चाहिए बल्कि उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। मां के नाम लगाए गए पौधे के साथ व्यक्ति भावनात्मक रूप से जुड़ाव महसूस करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 75 नमोः वन विकसित किए जाएंगे, जिनमें से 3 हिसार जिले में स्थापित किए जाएंगे।