
चंडीगढ़, 29 अक्तूबर — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने सभी मतदाताओं से आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा उम्मीदवार श्री विशाल प्रशांत को भारी मतों से विजयी बनाएं और डबल इंजन की सरकार को और मजबूत करें। जनसभा में भारी संख्या में उपस्थित जनसैलाब ने भाजपा उम्मीदवार के प्रति अपना जबरदस्त उत्साह और समर्थन प्रकट किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। सड़कों, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने बिहार के विकास की रफ्तार को दोगुना कर दिया है।
श्री सैनी ने कहा कि बिहार की विकास दर आज 14 प्रतिशत से अधिक है, जो देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने लगातार बिहार को आर्थिक मदद उपलब्ध करवाकर प्रदेश में विकास की गति को तेजी प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक न्याय को केवल भाषणों में नहीं, बल्कि धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता की सर्वोत्तम मिसाल बिहार की धरती पर दिखती है।
श्री सैनी ने कहा कि बिहार सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। नौकरियों में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार हर घर की महिला को ‘लखपति दीदी’ बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। वर्ष 2005 में जहां केवल 6 मेडिकल कॉलेज थे, अब उनकी संख्या 15 हो चुकी है। इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या 3 से बढ़कर 38 हो गई है और स्टार्टअप्स की संख्या बढ़कर 1500 से अधिक हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने मखाना को ‘सुपरफूड’ का दर्जा देकर बिहार को वैश्विक पहचान दी है। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के पास न विकास का एजेंडा है, न ईमानदारी का संकल्प। उनके पास केवल वंशवाद, भ्रष्टाचार और झूठे आरोप हैं जबकि भाजपा जनसेवा और विकास की राजनीति करती है। जनसभा में पहुंचने पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का जोरदार स्वागत किया गया।