रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री की कलाई पर स्कूली बच्चियों ने बांधी स्नेह की डोर
चंडीगढ़, 9 अगस्त – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को संत कबीर कुटीर में रक्षाबंधन का पर्व हर्ष और उत्साह के साथ मनाया। इस मौके पर हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती सुमन सैनी भी मौजूद रही। रक्षाबंधन के इस विशेष पावन अवसर पर पंचकूला जिले के दो सरकारी प्राइमरी स्कूलों तथा रायपुररानी स्थित "वेलफेयर सेंटर फॉर पर्सन विद स्पीच एंड हियरिंग इम्पेरेमेंट" की नन्हीं-नन्हीं बच्चियां अपने शिक्षकों के साथ पहुंचीं और मुख्यमंत्री की कलाई पर प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के प्रतीक स्वरूप राखी बांधी।
स्कूल यूनिफार्म में पहुंची इन बच्चियों ने जब मुख्यमंत्री की कलाई पर रंग-बिरंगी राखी के रूप में स्नेह की रेशमी डोर बांधी तो मुख्यमंत्री ने उनको उपहार और आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने बच्चियों से आत्मीय बातचीत की, ...








