
फरीदकोट, 25 अप्रैल: आज यहां सैनिक छावनी के साथ लगते फरीदकोट रियासत के हवाई अड्डे के पास स्थित जंगल में अचानक आग लग गई, जिससे बड़ी संख्या में पेड़ और पक्षी आग की चपेट में आ गए।
आज शाम लगभग 3.30 बजे आग लगने के बाद पास की सैनिक छावनी के अधिकारी तुरंत हरकत में आए और आसपास के इलाके की फायर ब्रिगेड से संपर्क किया तथा बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छावनी के बिल्कुल साथ लगते फरीदकोट रियासत के हवाई अड्डे के पास कई एकड़ जमीन में जंगल हैं, जो फरीदकोट रियासत की संपत्ति है। आज अचानक बढ़ी गर्मी के दौरान आग लगने की सूचना मिलते ही सैनिक छावनी के अधिकारियों ने तुरंत सेना को हरकत में लाया और फायर ब्रिगेड की सहायता से आग पर काबू पाया।
इस आग से लगभग 5-6 एकड़ क्षेत्र में लगे पेड़ पूरी तरह जलकर राख हो गए। मौके पर फरीदकोट पुलिस भी पहुंच गई, लेकिन अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।