
चंडीगढ़, 5 मार्च — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि किसी प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन के दौरान यदि उस परियोजना में कार्य का विस्तार किये जाने की आवश्यकता है तो उसके लिए नया टेंडर लगाया जाएगा। इससे एनहांसमेंट जैसी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित होगा।
मुख्यमंत्री हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान वीरवार को प्रश्न काल के दौरान सदन में जवाब दे रहे थे।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान में ऐसी स्थिति है कि कोई प्रोजेक्ट चल रहा है तो बीच में ही एक्सपेंशन कर देते हैं और बार-बार एक्सपेंशन से बहुत समस्या आती है, जिससे बजट बढ़ने और एनहांसमेंट जैसी दिक्कतें उत्पन्न होती हैं। इन सबके समाधान हेतु सरकार ने निर्णय लिया है कि किसी प्रोजेक्ट के लिए कोई टेंडर लगा है और यदि उसमें किसी प्रकार का विस्तार करना है तो उसके लिए अलग से टेंडर लगाया जाएगा। इस संबंध में सभी विभागों के अधिकारियों को दिशा—निर्देश दिए जा चुके हैं।