Tuesday, March 3Malwa News
Shadow

विकसित हरियाणा विकसित भारत के विजन के दृष्टिगत बजट – डॉ. अरविंद शर्मा

चण्डीगढ, 3 मार्च – हरियाणा के सहकारिता, निर्वाचन, जेल, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने वर्ष 2026-27 के बजट को प्रदेश के सर्वांगीण विकास, ग्रामीण सशक्तिकरण और सहकारिता क्षेत्र के उत्थान के लिए ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी बताया है। यह बजट विकसित हरियाणा-विकसित भारत के विजन के दृष्टिगत बनाया गया है।

डॉ. अरविंद शर्मा स्थानीय बीजेपी प्रदेश कार्यालय मंगल कमल में बजट पर चर्चा विषय पर प्रेस वार्ता  कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को पावन त्योहार होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार सभी के जीवन में खुशियां व हरियाली लेकर आये।

उन्होंने कहा कि इस बार का बजट जनभागीदारी पर आधारित है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बजट तैयार करते समय समाज के विभिन्न वर्गों से बजट पूर्व संवाद किया है। प्रदेश सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण को महत्व देते हुए वायु क्लीनिंग के लिए 2716 करोड़ रुपये का बजट में प्रावधान किया गया है। नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 5715 करोड़ रुपये आबंटित किए गए है।

निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प में हरियाणा की भागीदारी मिल का पत्थर साबित होगी। शुगर फैड का विकसित भारत में विशेष योगदान रहेगा। भाजपा के नेतृत्व में सरकार संकल्प लेती है तथा विपक्षी पार्टियां केवल घोषणाएं करती है। सरकार द्वारा विधानसभा चुनाव के दौरान किये गए 217 संकल्पों में से 60 संकल्प पूर्ण किए जा चुके है।  किसानों को सीधी बिक्री के लिए ग्रामीण हाट स्थापित होंगे, जिन्हें मंडियों से जोड़ा जाएगा।

सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश की 804 पैक्स को सशक्त किया जाएगा तथा 300 पैक्स को लाभ में लाने का लक्ष्य रखा गया है। पैक्स में 25 तरह के कार्य किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 6 वीटा प्लांट कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त 2000 नए वीटा बूथ खोले जाएंगे, जिनमें महिलाओं को 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।

विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पिंजौर में आधुनिक फिल्म सिटी और पिंजौर, मानेसर और खरखौदा में वेडिंग सिटी विकसित की जाएगी, जिनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधा उपलब्ध होगी। प्रदेश में तीन लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। गुरुग्राम में महिलाओं के कौशल विकास के लिए नारी मंडपम की स्थापना की जाएगी। सरकार द्वारा केंद्र सरकार के सहकारिता विभाग द्वारा शुरू की गई भारत टैक्सी की तर्ज पर पिंक कैब की शुरुआत की जाएगी, जिसमें महिलाओं को प्रशिक्षण के अलावा वाहन खरीद के लिए 10 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध करवाया जायेगा। महिलाओं को एक प्रतिशत रोड़ टैक्स में भी छूट प्रदान की जाएगी। प्रदेश में 7 महिला थाने एवं चार साइबर थाने और खोले जायेंगे।

कारागार मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा एआई को बढ़ावा देने के लिए 774 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रदेश एक लाख युवाओं को एआई का प्रशिक्षण दिया जायेगा। महिलाओं में गर्भाशय के कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी। प्रदेश में तीन लाख बेटियों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। लाडो लक्ष्मी योजना का विस्तार किया जायेगा। बिजली की आवश्यकता पूरी करने के लिए सोलर प्लांट की व्यवस्था पर बल दिया जा रहा है। प्रदेश में मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट स्थापित की जा रही है।

सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा सीवरेज के 140 करोड़ सरचार्ज को माफ किया गया है। शहरों में इलेक्ट्रिक बसों की सुविधा बढ़ाई जाएगी तथा लड़कियों के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की जाएगी। राखीगढ़ी को पर्यटन के हब के रूप में विकसित किया जायेगा। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देते हुए तहसील व जिला स्तर पर स्थित नागरिक अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश में 70 वर्ष से ज्यादा के नागरिकों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच का प्रावधान किया गया है। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट सहकार से समृद्धि के संकल्प को साकार करने वाला है और हरियाणा को विकास के नए आयामों तक पहुंचाएगा।