Sunday, March 1Malwa News
Shadow

गौ सेवा से सशक्त होगी संस्कृति और समाज की एकता-डॉ. अरविंद शर्मा

चंडीगढ़, 01 मार्च- हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण की सुदृढ़ आधारशिला है। गौ माता की सेवा अपने सगे माता-पिता की सेवा के समान है और इससे प्राप्त आशीर्वाद समाज व राष्ट्र दोनों को समृद्ध और समर्थ बनाता है। सनातन संस्कृति में गौ माता को 33 करोड़ देवी-देवताओं का स्थान प्राप्त है, इसलिए गौ सेवा से बढक़र कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता।

  वे भटगांव स्थित गौशाला के 126वें वार्षिकोत्सव समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने गौशाला के विकास और व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु 11 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। डॉ. शर्मा ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि वर्ष 1995-96 में उन्हें पूज्य नारायण दास महाराज जी का सान्निध्य और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। नारायण आश्रम में बिताए समय ने उनके मन में गौ सेवा के प्रति गहरी आस्था और समर्पण का भाव उत्पन्न किया। उन्होंने बताया कि उनके परिवार—दादा जी, पिता जी और धर्मपत्नी—सभी में गौ सेवा के प्रति विशेष श्रद्धा रही है, जो उनके जीवन और कार्यशैली का मार्गदर्शन करती है।

 कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वर्ष 1996 में जब वे चुनाव मैदान में थे, उस समय हरियाणा में लगभग 90-94 गौशालाएं थीं, जबकि आज प्रदेश में 700 से अधिक पंजीकृत गौशालाएं संचालित हो रही हैं। यह बढ़ोतरी इस बात का प्रमाण है कि प्रदेशवासियों में गौ सेवा के प्रति श्रद्धा, प्रेम और समर्पण निरंतर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बूंद-बूंद से घड़ा भरता है और जब 36 बिरादरी मिलकर सेवा कार्य करती है, तभी समाज को सच्चा आशीर्वाद प्राप्त होता है।

 डॉ. शर्मा ने कहा कि गौशालाएं दान-पुण्य से संचालित होती हैं और दान की राशि का आकार नहीं, बल्कि उसके पीछे की भावना महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। गौशालाओं में चारे, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सीय सुविधाओं और संतुलित आहार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। समय-समय पर पशु चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच करवाई जाती है, ताकि गौवंश का स्वास्थ्य उत्तम बना रहे।

  उन्होंने जानकारी दी कि 3 मार्च को हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी भटगांव में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और यहां से अन्य गौशालाओं के लिए भी अनुदान राशि के चेक वितरित करेंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर इसे सफल बनाएं।

विकास और संस्कृति साथ-साथ

डॉ. शर्मा ने कहा कि देश और प्रदेश की उन्नति सनातन संस्कृति को मजबूत करने से ही संभव है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। केंद्र व हरियाणा सरकार द्वारा किसान, मजदूर, महिलाएं, युवा, व्यापारी, कर्मचारी, दलित, पिछड़ा वर्ग तथा शहीदों के परिवारों के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि विकास कार्यों में कहीं कोई कमी है तो जनता अपने सुझाव दे, सरकार हर सकारात्मक सुझाव को गंभीरता से लेकर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

 मंत्री ने जानकारी दी कि फरमाना गांव में शहीद की खंडित प्रतिमा के पुनर्निर्माण के लिए 2 लाख 40 हजार रुपये की राशि स्वीकृत कर दी गई है और शीघ्र ही मरम्मत कार्य पूर्ण कराया जाएगा।