Thursday, February 5Malwa News
Shadow

संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती पर कुरुक्षेत्र के उमरी में होगा महाकुंभ: कृष्ण लाल पंवार

चंडीगढ़, 28 जनवरी – हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि कुरुक्षेत्र के उमरी में आयोजित होने वाली संत शिरोमणि गुरु रविदास की 649वीं जयंती पर महाकुंभ होगा। गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय समारोह 31 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि तथा केंद्रीय ऊर्जा मंत्री श्री मनोहर लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि समारोह की अध्यक्षता विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार स्वयं करेंगे। इस समारोह में प्रदेशभर से भारी संख्या में नागरिकों के आने की उम्मीद है। इसके साथ ही अन्य प्रदेशों से प्रमुख संत समाज व बुद्धिजीवी भी समारोह में हिस्सा लेंगे।

विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार बुधवार को कुरुक्षेत्र के उमरी में समारोह स्थल का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों, विधायकों, अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके साथ – साथ प्रदेश भर के सामाजिक, धार्मिक संगठनों और आम नागरिकों को भी इस समारोह में भाग लेने के लिए निमंत्रण दिया जाएगा, ताकि गुरु रविदास के विचारों और संदेशों को व्यापक स्तर पर जन – जन तक पहुंचाया जा सके।

श्री पंवार ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के महान संत थे। उन्होंने अपने उपदेशों और वाणी के माध्यम से समाज में व्याप्त भेदभाव, छुआछूत और जातिगत असमानता के विरुद्ध आवाज उठाई। गुरु रविदास के विचार आज भी समाज को एकजुट करने और समानता का संदेश देने के लिए एक सशक्त प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार संत – महापुरुषों की शिक्षाओं और आदर्शों को जन – जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘संत – महापुरुष विचार प्रसार एवं सम्मान योजना’ के तहत निरंतर उनकी जयंती और स्मृति समारोह आयोजित करती आ रही है।

मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि उमरी में 124 करोड़ रुपए की लागत से संत शिरोमणि गुरु रविदास भवन व म्यूजियम को बनाया जाएगा। जो संत रविदास के जीवन, शिक्षाओं और भक्ति आंदोलन को समर्पित होगा। इस परियोजना का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।

इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया चली हुई है, इसके बाद इसे हाई पावर परचेज कमेटी से पास करवाकर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। भवन में सबसे ऊपर गुरु रविदास की 38 मीटर की मूर्ति लगाई जाएगी, जो नेशनल हाईवे से आने-जाने वालों को स्पष्ट नजर आएगी। पांच एकड़ जगह में 124 करोड़ रुपए की लागत से गुरु रविदास भवन व म्यूजियम का निर्माण करवाया जाए। इस परियोजना का करीब 90 करोड़ रुपए की लागत के कार्यों की टेंडर प्रक्रिया चली हुई है।