Thursday, November 6Malwa News
Shadow

हरियाणा में संस्कृति और विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य जारी – मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़  नवंबर 1:  हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा की प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हरियाणा में  संस्कृति और विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है । चाहे वह अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन हो, संत-महापुरुष सम्मान एवं प्रचार-प्रसार योजना हो या फिर मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, हमारा लक्ष्य स्पष्ट है कि विकास की गति संस्कृति की जड़ों से जुड़ी रहनी चाहिए।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज सेक्टर 5 स्थित शालीमार ग्राउंड में विश्व जागृति मिशन द्वारा आयोजित सनातन संस्कृति जागरण महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे । इस अवसर पर हरियाणा के विधान सभा अध्यक्ष श्री हरविंदर कल्याण और गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज भी उपस्थित थे । इससे पहले मुख्यमंत्री ने परम पूज्य सुधांशु जी महाराज का आशीर्वाद लिया और उपस्थित भगतजनों को हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं दी ।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने विश्व जागृति मिशन  के पटियाला में बनने वाले पांचवें गुरुकुल के मॉडल का अनावरण भी किया ।

मुख्यमंत्री ने कहा की अयोध्या में श्रीराम लला मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का पुनरुद्धार, केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण, उज्जैन महाकाल लोक का विकास, सोमनाथ मंदिर क्षेत्र का विस्तार, श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर का निर्माण आदि प्रधानमंत्री  की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक गौरव के उत्थान की प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा की परम पूज्य श्री सुधांशु जी महाराज ने विश्व भर में अपने आध्यात्मिक संस्थानों के माध्यम से विश्व के करोड़ों व्यक्तियों में मानव सेवा और भाईचारे की भावना को जगाया है। उन्होंने  आध्यात्मिकता का ऐसा मापदण्ड स्थापित किया है जो किसी भी साधारण आदमी के लिए भी सुलभ है। इसीलिए आज विश्व भर में उनके करोड़ों अनुयायी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति जागरण अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि उस ‘संस्कार क्रांति’ की नींव है जिसकी बात सुधांशु जी महाराज ने कही है। सुधांशु जी महाराज ने कहा है कि यदि हमारे बच्चे संस्कारवान होंगे, तो हमारी सनातन संस्कृति सदैव सर्वोच्च रहेगी। श्री नायब सिंह सैनी ने कहा की हमारे युवा ही हमारी संस्कृति के सच्चे संवाहक और भविष्य हैं। यह गर्व की बात है की सुधांशु जी महाराज के संरक्षण में विश्व जागृति मिशन ने 10 गुरुकुलों और 108 बाल संस्कार केंद्रों की स्थापना का महान संकल्प लिया है।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारत वह देश है, जहां संतों एवं महापुरुषों ने हर युग और हर काल में मानव जाति में अमन चैन व शान्ति का वातावरण बनाने के लिए ऊंचे मानवीय आदर्शों की स्थापना की है। उनकी शिक्षाएं व उपदेश आज भी समय की कसौटी पर बिल्कुल खरे उतरते हैं। उन महान संतों की परम्परा को आगे बढ़ाते हुए परम पूज्य श्री सुधांशु जी महाराज विश्व को सुख-शांति से जीने का मार्ग दिखा रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि हम सब मिलकर संकल्प लें कि अपने घरों को संस्कारों का केंद्र बनाएंगे, और इस सनातन संस्कृति जागरण अभियान को एक जन-आंदोलन में बदल देंगे।

इस अवसर पर हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री ओम प्रकाश देवीनगर, बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती बनतो कटारिया और बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित थे ।