
चण्डीगढ़, 21 अगस्त – केन्द्रीय आवास एवं शहरी मामले राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेश विश्वभर को शांति का संदेश दे रहे हैं। इस पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेश आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक है। इन उपदेशों का अनुसरण करके मनुष्य अपने जीवन को धन्य बना सकता है।
केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू का पिपली पैराकिट पहुंचने पर जिला नगर आयुक्त श्री अमन कुमार ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कुरुक्षेत्र में भद्रकाली मंदिर में माथा टेका और पीठाधीष्वर पंडित सतपाल शर्मा ने मंत्रोच्चारण के बीच पूजा अर्चना करवाई।
केन्द्रीय राज्यमंत्री ने भद्रकाली मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद ब्रह्मसरोवर और गीता स्थली ज्योतिसर का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर हजारों वर्ष पूर्व भगवान श्री कृष्ण ने गीता के उपदेश देकर कर्म करने का संदेश दिया। यह सौभाग्य है कि आज उसी पावन धरा कुरुक्षेत्र को देखने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि इस पावन धरा के ब्रह्मसरोवर, बाण गंगा और ज्योतिसर जैसे तीर्थों में स्नान करके पुण्य की प्राप्ति की जा सकती है। इस पावन धरा से पवित्र ग्रंथ गीता का ज्ञान लेकर हर व्यक्ति को अपने जीवन को धन्य बनाना चाहिए।