
चंडीगढ़, 10 अगस्त— हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि किसी भी देश की पहचान उसका झंडा होता है। विश्व के कई देशों में युद्ध की स्थिति उत्पन्न होने के कारण भारत ने बड़ी कूटनीति से न केवल अपने नागरिकों को युद्घग्रस्त देशों से निकाला है, बल्कि दूसरे देशों के नागरिकों ने भी भारत के तिरंगा झंडे को अपना आधार बनाकर इन देशों से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की नीति एवं दृढ़ नीति से देश मजबूत हुआ है और देश नरेन्द्र मोदी के शासन काल में हर दिशा में आगे बढ़ा है।
कृषि मंत्री यमुनानगर में सरस्वती खंड के गांव ऊंचा चांदना से भारत माता की जय के नारे के उद्घोष से तिरंगा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना करने उपरांत बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की याद एवं शहीदों को सम्मान देने के लिए हर वर्ष तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाता है। यह तिरंगा यात्रा ऊंचा चांदना से शुरू होकर गांव टोपरा कलां में सम्पन्न हुई।