Wednesday, June 17Malwa News
Shadow

संधोल वृत्त के दो आंगनवाड़ी सह प्री-स्कूल केंद्रों में आयोजित हुए समर कैंप

धर्मपुर, 17 जून। महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार वृत्त कार्यालय संधोल के अंतर्गत आंगनवाड़ी सह प्री-स्कूल सोहर तथा दयोरी में 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए समर कैंप आयोजित किए गए। कैंप के दौरान बच्चों ने चित्रकला, रंग भरने, कहानी वाचन, कविता पाठ, समूह खेल तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यवेक्षक पूरण चंद ने दोनों केंद्रों का निरीक्षण कर बच्चों को नियमित रूप से प्री-स्कूल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के समर कैंप बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सीखने की रुचि को बढ़ाने में सहायक हैं। इस अवसर पर प्रथम संस्था की सदस्य अनीता परमार भी उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मपुर धनी राम ने बताया कि विभाग द्वारा आयोजित समर कैंपों का उद्देश्य बच्चों को अवकाश के दौरान आनंदमय एवं गतिविधि आधारित शिक्षण वातावरण उपलब्ध करवाना है, ताकि उनके शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं रचनात्मक विकास को प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने समर कैंपों के सफल आयोजन के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों की सराहना की।