
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज शिमला स्थित प्रसिद्ध माँ तारा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेश के लोगों की सुख-समृद्धि और कल्याण के लिए कामना की। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उनके साथ उपस्थित थीं।
राज्यपाल ने माता तारा देवी से राज्य की निरंतर प्रगति, सौहार्द और समृद्धि के लिए आशीर्वाद की कामना की। उन्होंने सभी नागरिकों के कल्याण तथा समाज में एकता, करुणा और सामाजिक सद्भाव की भावना को और सुदृढ़ करने की भी प्रार्थना की।
शिमला स्थित ऐतिहासिक माँ तारा देवी मंदिर क्षेत्र के सबसे प्रतिष्ठित धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां देशभर से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। राज्यपाल ने मंदिर के शांत एवं आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत के संरक्षण के महत्व पर बल दिया।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी (नागरिक), शिमला ग्रामीण, मनजीत शर्मा ने राज्यपाल का स्वागत किया।
राज्यपाल की यह गहरी आस्था हिमाचल प्रदेश की आध्यात्मिक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति उनके विश्वास, सद्भाव और सामूहिक कल्याण के मूल्यों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, मंदिर प्रबंधन के प्रतिनिधि तथा श्रद्धालु भी उपस्थित थे।