Saturday, February 7Malwa News
Shadow

केंद्रीय बजट 2026-27: विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की है मजबूत नींव – कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह

चंडीगढ़, 7 फरवरी — हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने केंद्रीय बजट 2026-27 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व कदम बताया है।

कैबिनेट मंत्री आज गुरुग्राम के बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव दरबारीपुर में केंद्रीय बजट 2026 को लेकर आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री ने कहा कि यह बजट विशेष रूप से गांव, गरीब, किसान, युवा और महिला सहित सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं से देश में गरीबी लगातार कम हो रही है और यह बजट गरीब को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग के बजट में इस वर्ष 21 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। ग्रामीण विकास और कृषि मंत्रालय को मिलाकर देखा जाए तो दोनों का संयुक्त बजट अब 4 लाख 35 हजार 779 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, जो सरकार की गांव और किसान के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि कृषि विभाग का बजट बढ़ाकर इस वर्ष 1,32,561 करोड़ रुपये कर दिया गया है। कृषि शिक्षा और अनुसंधान, विशेषकर आईसीएआर के लिए 9,967 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे नवाचार और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि किसानों को सस्ती खाद और उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए 1,70,944 करोड़ रुपये की उर्वरक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है, जिससे खेती की लागत कम होगी और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने जनवरी 2026 में प्रदेश के विभिन्न जिलों में हितधारकों के साथ सीधी बैठक कर बजट को लेकर सुझाव मांगे हैं, जिन्हें समीक्षा के बाद बजट में शामिल किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह बजट युवाओं को नए अवसर, महिलाओं को सशक्त मंच और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की ऊर्जा प्रदान करेगा। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण तथा पूरी केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।